- 63वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम के दो एथलीटों ने 63वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर कर्ण नगरी का नाम रोशन किया है। अतुल ने रिले 4x4 में स्वर्ण पदक जीता है जबकि गोविंद ने 100 मीटर की स्पर्धा में स्वर्ण पदक झटका है।
यह पदक जीतकर गोविंद हरियाणा में प्रथम तथा देशभर में छठे स्थान पर रहे। गोविंद ने 100 मीटर दौड़ 10.48 सेकेंड में पूरी की। गोविंद ने बताया कि 100 मीटर दौड़ की स्पर्धा में 10.40 सेकेंड उनका अब तक का बेहतर समय रहा है।
इस समय वह पंजाब विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं तथा पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रोजाना अभ्यास भी करते हैं। वह असंध के जयसिंहपुरा गांव के निवासी हैं। वहीं रिले में स्वर्ण पदक विजेता अतुल घरौंडा के अमृतपुर कलां गांव से हैं। अतुल ने बताया कि वह इससे पहले बॉक्सिंग का खिलाड़ी था, मुक्केबाजी में भी वह राज्य स्तर की प्रतियोगिता जीत चुका है। पिता की प्रेरणा से वह बेहतर एथलीट बना है, उसके पिता कमांडो हैं।
अतुल की उपलब्धियां
- अंतर जिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।
- राज्य स्तर की 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता।
- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी में कांस्य पदक जीता।
गोविंद की उपलब्धियां
- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी में कांस्य पदक जीता।
- ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी एथलेक्टिस चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
- अंतर जिला वरिष्ठ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
दोनों ही एथलीट कर्ण स्टेडियम के बेहतर एथलीट है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर केंद्रित किया है। गोविंद कुमार 100 मीटर स्पर्धा व अतुल 200, 400 व रिले दौड़ की स्पर्धाओं में भाग लेता है। यह दोनों ही खिलाड़ी कर्ण नगरी से संबंध रखते है।
- सतीश पंघाल, एथलेटिक्स कोच