-पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की वाइस चेयरमैन शर्मिला शर्मा सम्मान समारोह में पहुंचीं
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की वाइस चेयरमैन शर्मिला शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना बार काउंसिल की प्राथमिकता है। किसी भी वकील के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जरूरतमंद अधिवक्ताओं की हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने असंध बार एसोसिएशन को दो कंप्यूटर उपलब्ध करवाने और लाइब्रेरी के लिए एक लाख रुपये देने का आश्वासन भी दिया।
वह असंध बार एसोसिएशन के बार हॉल में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। समारोह में पहुंचने पर बार एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र शर्मा, महासचिव गुरमीत दूहन, उपाध्यक्ष मंजू राणा, रामनिवास शर्मा, सहसचिव मंजू भारद्वाज और कोषाध्यक्ष अतुल शर्मा ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
शर्मिला शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनके हितों, सुरक्षा और कल्याण के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है। पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के अधिवक्ताओं को कैशलेस मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाने तथा दोनों राज्य सरकारों से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने असंध बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
बार काउंसिल के मार्गदर्शन में करेंगे काम
बार एसोसिएशन के प्रधान नरेंद्र शर्मा ने वाइस चेयरमैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन की टीम बार काउंसिल के मार्गदर्शन में अधिवक्ताओं के हितों के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बार काउंसिल के सहयोग से अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान होगा और बार में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान सोहन लाल सिंघल, कुलदीप राणा, प्रताप सिंह, गुरविंद्र सिंह, जितेंद्र राणा, प्रदीप सिंगरोहा, गौरव अरोड़ा, अनिल पंचाल, संजीव शर्मा, शिवानी और ईशानी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। ब्यूरो