फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: सहालग लगते ही बाजार गुलजार, गेस्ट हाउस हाउसफुल... फोटोग्राफर भी बुक

विज्ञापन
रामलीला मैदान में रिहर्सल करते महाराजा बैंड के कलाकार। सोशल मीडिया
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन




करनाल। मकर संक्रांति बीतने के साथ सहालग शुरू हो गया है। जनवरी और फरवरी में विवाह के कई शुभ मुहूर्त हैं। विवाह की खरीदारी से बाजारों की रौनक लौट आई है। कपड़ा, सर्राफा, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावट के कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी है। दुकानों पर भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है।

18, 21, 23, 25 और 28 जनवरी को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। 2, 5, 8, 9 और 10 फरवरी को भी बड़ा सहालग हैं। खासकर 8, 9 और 10 फरवरी को जिले में बड़ी संख्या में शादियों का अनुमान है। अधिकांश बड़े गेस्ट हाउस और मैरिज पैलेस छह माह पहले ही फरवरी की इन तारीखों के लिए बुक हो चुके हैं।
विज्ञापन


सराफा : हल्के आभूषणों की मांग
शादी के सीजन की शुरुआत के साथ ही सर्राफा बाजार में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है। सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी जोरों पर है। हार, कंगन, चूड़ियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र और पायल की मांग तेजी से बढ़ी है। कारोबारियों का कहना है कि इस समय सबसे ज्यादा मांग डिजाइनर और हल्के वजन के आभूषणों की है। लोग भारी गहनों की बजाय ऐसे आभूषण पसंद कर रहे हैं जिन्हें शादी के बाद भी रोजमर्रा में पहना जा सके।

-
शादी के सीजन से पहले ही सर्राफा बाजार में जबरदस्त रौनक है। इस समय हल्के वजन के आभूषणों की मांग सबसे ज्यादा है। कई ग्राहकों ने अपने पसंदीदा डिजाइन के मंगलसूत्र पहले से ही बुक करा लिए हैं। अब वे खरीदारी करना शुरू कर रहे हैं। - लव गोयल, सराफा कारोबारी
कपड़ा : आरामदायक होना जरूरी
कपड़ा बाजार में इन दिनों त्योहारों जैसा माहौल है। दूल्हा-दुल्हन के परिधानों के साथ-साथ रिश्तेदारों के लिए भी खरीदारी हो रही है। डिजाइनर लहंगे और साड़ियां, शेरवानी, इंडो-वेस्टर्न परिधान, बच्चों के ट्रेंडिंग कपड़े और बुजुर्गों के लिए पारंपरिक परिधान खूब बिक रहे हैं। कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि इस बार लोग फैशन के साथ-साथ आरामदायक कपड़ों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। हल्के कपड़े, पेस्टल शेड्स और कस्टम डिजाइन वाले परिधानों की मांग बढ़ी है।

गेस्ट हाउस-मैरिज गार्डन फुल
शादी समारोहों के लिए जिले के अधिकांश बड़े गेस्ट हाउस, होटल और मैरिज गार्डन पहले से ही बुक हो चुके हैं। होटल और मैरिज पैलेस संचालकों का कहना है कि फरवरी में शादियों की संख्या अधिक होने के कारण बुकिंग का दबाव लगातार बना हुआ है। कई बड़े गेस्ट हाउस तो फरवरी के पहले पखवाड़े तक पूरी तरह पैक हैं। कई लोगों को समारोह की तारीख आगे-पीछे करनी पड़ रही है या फिर छोटे गेस्ट हाउस और ग्रामीण क्षेत्रों के मैरिज गार्डन में आयोजन का विकल्प अपनाना पड़ रहा है।
-
सहालग के लिए जिले के अधिकांश गेस्ट हाउस और मैरिज गार्डन पहले से बुक हो चुके हैं। बसंत पंचमी पर शादियां कम हैं लेकिन फरवरी में सहालग ज्यादा होने से लोगों को मनचाही तारीख नहीं मिल पा रही है। - सुनील बिंदल, गेस्ट हाउस संचालक


फोटोग्राफर भी हो चुके बुक
शादी समारोहों में अपने खास पलों को यादगार बनाने के लिए प्री-वेडिंग शूट, सिनेमैटिक वीडियो, ड्रोन फोटोग्राफी और डिजिटल एलबम का चलन है। फोटोग्राफी से जुड़े लोगों का कहना है कि अच्छे और अनुभवी फोटोग्राफरों की बुकिंग पहले से ही हो चुकी है। कई फोटोग्राफरों का पूरा सहालग कैलेंडर फुल हो चुका है। ड्रोन फोटोग्राफी की बढ़ती मांग के कारण ड्रोन संचालकों के पास भी नई तारीख के लिए स्लॉट उपलब्ध नहीं है।
-
शादी समारोहों में अब साधारण फोटोग्राफी का दौर खत्म हो चुका है। लोग प्री-वेडिंग शूट, सिनेमैटिक वीडियो और ड्रोन फोटोग्राफी को प्राथमिकता दे रहे हैं। अनुभवी फोटोग्राफरों की बुकिंग पहले से फुल है। फरवरी के लिए तारीखें नहीं हैं। - विकास ढींगरा, फोटोग्राफर
विज्ञापन



फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स में भी तेजी

शादी सीजन के चलते फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, क्रॉकरी और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। नए घर की शुरुआत के लिए लोग बेड, सोफा, डाइनिंग टेबल, अलमारी और किचन से जुड़े सामान की खरीदारी कर रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और किचन के सामान की मांग बढ़ी है। गिफ्ट आइटम और सजावटी सामान की दुकानों पर भी खासी भीड़ नजर आ रही है।
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें