फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: 19 घंटे बाद उठाया आर्यन का शव, डीएसपी के आश्वासन पर माने परिजन

विज्ञापन
आर्यन फाइल फोटो
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

करनाल। सेक्टर-14 मार्केट में सोमवार को नकाबपोश युवकों के चाकू, तलवार और डंडों से किए गए हमले में जान गंवाने वाले कंबोपुरा निवासी आर्यन का शव मंगलवार को परिजनों ने उठाया। आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन शाम करीब चार बजे 19 घंटे बाद डीएसपी सिटी राजीव के आश्वासन के बाद माने। डीएसपी ने उनसे कहा कि कार्रवाई की जिम्मेदारी पुलिस पर छोड़ दें।
इससे पहले सुबह से शवगृह पर बैठे परिजन की दोपहर करीब एक बजे पुलिस अधीक्षक करन गोयल के साथ बैठक हुई, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद एसपी के निर्देश पर डीएसपी सिटी राजीव शवगृह पहुंचे। उन्होंने परिजन को बताया कि सिविल लाइन थाने में छह नामजद और 10 से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने जल्द आरोपियों को काबू करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

हुक्का पी रहे चार दोस्तों पर किया था हमला
सोमवार दोपहर सेक्टर-14 मार्केट में तीन नाबालिगों समेत चार दोस्त एक दुकान की पहली मंजिल पर हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश 15 से 20 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में आर्यन की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए थे। एक दोस्त ने छिपकर अपनी जान बचाई।
सोमवार रात करीब नौ बजे चंडीगढ़ ले जाते समय आर्यन की मौत के बाद से ही परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर शव मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया था। मंगलवार सुबह परिजन फिर शवगृह पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस के थाना प्रभारी से लेकर एसपी तक के अधिकारी उन्हें मनाने में जुटे रहे, लेकिन शाम तक सहमति नहीं बन पाई।
एसपी से बैठक बेनतीजा, तीन टीमें गठित
एसपी करन गोयल के साथ बैठक में मृतक के पिता राजू समेत अन्य परिजन शामिल हुए। करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई, लेकिन परिजन नहीं माने। इसके बाद एसपी ने सीआईए समेत तीन पुलिस टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए। इसके बाद डीएसपी राजीव परिजनों को समझाने पहुंचे और उन्हें आश्वासन देकर शव उठवाने में सफल रहे। देर शाम आर्यन का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन

पुरानी रंजिश के पहलू से भी जांच
डीएसपी सिटी राजीव ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश के चलते हमला होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नामजद आरोपियों में कुछ नाबालिग भी हो सकते हैं। वारदात से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें