हरियाणवी परिधान, आभूषण तथा घरों व कृषि उपकरणों के साथ रैंप पर उतरे कलाकार, वसंत उत्सव के समापन पर दिखी ठेठ हरियाणावी झलक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कला कीर्ति भवन में हरियाणा कला परिषद की ओर से आयोजित वसंत उत्सव के समापन पर हरियाणवी फैशन शो में कलाकारों ने खूब जलवा बिखेरा। स्थानीय कलाकार हरियाणवी परिधान, आभूषण और घरों व कृषि में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को दिखाते हुए भरतमुनि रंगशाला के रैंप पर उतरे। 11 से 18 फरवरी तक आयोजित वसंत उत्सव में प्रत्येक दिन हरियाणा और अन्य प्रदेशों के कलाकारों का संगम देखने को मिला।
उत्सव का पहला दिन हरियाणा तथा पंजाब के नाम रहा, वहीं दूसरे दिन राजस्थान ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट, छत्तीसगढ, उत्तरप्रदेश आदि प्रदेश उत्सव में अपनी सांस्कृतिक झलक दिखाने में कामयाब रहे। उत्सव के समापन पर हरियाणा का सहयोगी दिल्ली रहा। कत्थक नृत्य की प्रस्तुति के साथ दिल्ली की कलाकार डाॅ. सुमिता दत्ता ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर श्रीमद्भगवदगीता स्कूल के प्राचार्य अनिल कुलश्रेष्ठ बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में धरोहर से प्रतिनिधि डाॅ. कुलदीप, राजेंद्र यशबाबू, समाजसेविका अनीता भारद्वाज, नमना अहलावत, पूजा सरदाना, किरण गर्ग आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन विकास शर्मा द्वारा किया गया।
समापन समारोह में पंकज शर्मा व उनके साथियों ने हरियाणवी फैशन शो प्रदर्शित कर हरियाणा की संस्कृति दिखाने का प्रयास किया, फैशन शो में करीब 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कला परिषद के निदेशक नागेद्र शर्मा ने बताया कि युवाओं में हरियाणवी लोक परिधानों की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए हरियाणवी फैशन शो का आयोजन किया गया है। आधुनिकता के दौर में युवा पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति की ओर अग्रसर है, ऐसे में हरियाणवी संस्कृति का दर्शन करवाना अनिवार्य है। इस दौरान हरियाणा के घाघरे, घाघरी, गरक्खी, धोती, कुरता, कुरती, चूंदड़ी, पगड़ी आदि परिधानों को प्रदर्शन किया गया।
फैशन शो के अलावा बसंत उत्सव के समापन अवसर पर संदीप भट्ट और कलाकारों ने हरियाणवी लोक वाद्ययंत्रो की प्रस्तुतियां दी। वहीं अजयनाथ व साथियों ने बीन वादन किया तो बदन सिंह और कलाकारों ने नगाड़ा वादन कर कार्यक्रम को सफल बनाया। फैशन शो में पंकज शर्मा व नम्रता शर्मा के अतिरिक्त रिंकू छाबड़ा, आशु तनेजा, पार्थ, बिजेंद्र, प्रवीण शर्मा, खुश भुक्कल, सिद्धार्थ, रितिका, लावण्या, साहिबा, दिव्या, रजनी, शिवानी व रमा ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि युवाओं को स्वदेशी एवं हरियाणवी लोक परिधानों के प्रति आकर्षित कर अपनी संस्कृति से जोड़ने का यह अनूठा प्रयास है।