करनाल। जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ी अर्श कबीर रंगा का रणजी ट्रॉफी के लिए हरियाणा टीम में चयन हुआ है। सोमवार को अर्श ने उत्तराखंड के खिलाफ मैच में डेब्यू किया। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अर्श अपने पहले मैच में सफल नहीं रहे। उन्होंने मात्र पांच रन बनाए। उत्तराखंड के देवंदर सिंह बोरा ने उन्हें कैच आउट कराया।
हरियाणा की टीम ने पहले दिन के खेल में सभी विकेट गंवाकर 153 रन बनाए। जवाब में उत्तराखंड की टीम ने बिना विकेट खोए 59 रन बना लिए थे।
अर्श कबीर करनाल की राणा ब्रदर्स क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास करते हैं। वह दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज भी हैं।
कोच सतीश राणा ने बताया कि अर्श आठ वर्ष की उम्र से ही उनके पास अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कम उम्र से ही क्रिकेट के लिए कड़ी मेहनत और लगन दिखाई है। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। ज्यादातर मैचों में ओपनिंग के लिए ही मैदान पर उतरते हैं।
अर्श कबीर रंगा ने हरियाणा की ओर से विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 की राज्य स्तरीय टीमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्ष 2024 की अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में भी अर्श का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। संवाद