- एक साथ पहुंचे हजारों लोगों के पास मैसेज तो रोडवेज में जुटी भीड़, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे गर्मी में हॉल में फंसे, कई मायूस लौटे
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) कार्ड वितरण की रोडवेज की व्यवस्था ने लोगों को परेशान कर दिया है। कार्ड मिलने का संदेश पहुंचते ही रोडवेज कार्यालय में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे दिन कार्यालय के पूछताछ केंद्र का हॉल भीड़ से खचाखच भरा रहा।
सुबह छह बजे से शाम तीन बजे तक हजारों लोगों ने हॉल में दस्तक दी पर अव्यवस्था के कारण करीब 400 लोग ही कार्ड ले पाए। मजबूरन ज्यादातर लोगों को घंटों इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। स्थिति यह थी कि बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों के अलावा युवा भी कार्ड लेने के लिए पहुंच गए थे लेकिन यहां व्यवस्था के अनुसार नाम की घोषणा करके कार्ड दिया जाना था पर भीड़ के कारण हॉल में पूरा दिन शोर रहा। ऐसे में दूर खड़े कई लोगों को अपना नाम भी सुनवाई नहीं दिया। वहीं कई लोगों का शीघ्र नाम आने पर उन्हें कार्ड दे दिया गया।
इससे लोगों में रोष की स्थिति भी पनप गई। लोगों ने अधिकारियों को सिफारिश से कार्ड देने तक के आरोप भी लगाए। लोगों का कहना है कि कार्ड से महज एक किलोमीटर की यात्रा मुफ्त होगी। लेकिन पिछले एक सप्ताह में पांच चक्कर शहर के लगने से पांच सौ रुपये तो किराये में खर्च हो गए और कार्ड फिर भी नहीं मिला।
प्रदेश सरकार की योजना में हैप्पी कार्ड के जरिये कार्ड धारक परिवार के प्रत्येक सदस्य को एक हजार किलोमीटर की निशुल्क यात्रा रोडवेज बसों में करने का लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से ऐसे परिवारों के कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिनकी आय एक लाख रुपये से कम है। दो दिन पूर्व प्रदेश स्तरीय हैप्पी कार्ड वितरण समारोह से मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्ड वितरण करने का कार्य शुरू किया था। एक माह में पूरे प्रदेश में 11 लाख कार्ड बांटे जाने हैं। करनाल जिले में भी करीब एक लाख लोगों के कार्ड जारी होने हैं। अभी तक 57703 लोगों के कार्ड बने हैं।
कोई तीन तो कोई पांच घंटे इंतजार के बाद लौटा
हैप्पी कार्ड वितरण के लिए केवल करनाल के पुराने बस अड्डे पर ही व्यवस्था की गई है। ऐसे में जिले भर के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग कार्ड लेने के लिए पुराने बस अड्डे पहुंच गए। हांसी चौक के अशोक ने कहा कि शोर ज्यादा है, सुनाई नहीं दे रहा। सदर बाजार के विवेक ने बताया कि वे सुबह सात बजे से 11 बजे तक इंतजार करते रहे। कुटेल के हरीराम सुबह छह बजे से खड़े हैं। असंध के तरलोचन का कहना है कि सात बजे कागज जमा कराए थे, दो घंटे का समय दिया था। दोपहर 12 बज गए हैं, अभी तक सुनवाई नहीं हुई। माइक भी नहीं लगाया गया।
डाक द्वारा भेजे जाएं कार्ड
असंध की वीरपाल का कहना है कि डाक द्वारा कार्ड भेजा जाना चाहिए था। इसकी फीस जो बनती वो ले लेते। जब सब कुछ डाक से जाता है तो इसे यहां क्यों दिया जा रहा है। विद्यावती ने बताया कि सुबह सात बजे से खड़े हैं। हुकम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी आए थे, अभी तक तो नंबर नहीं आया। घरौंडा की बसंती देवी ने कहा कि महिला पुरुषों के लिए भी कोई अलग से लाइन नहीं बनी है। गांव व ब्लॉक स्तर पर बुलाकर भी कार्ड दे सकते हैं।
बस अड्डे पर सुबह सात बजे से ही कार्ड वितरण कर रहे हैं। दोपहर तक 300 कार्ड बांटे गए थे। एसएमएस द्वारा सूचित किया गया था। परिवार पहचान पत्र और आधार कार्ड की जरूरत है व ओटीपी लेने के बाद कार्ड जारी कर दिया जाता है। डाक के जरिये कार्ड नहीं भेज सकते। क्योंकि ओटीपी से इसे एक्टिवेट करना पड़ता है। भीड़ बढ़ने से कुछ अव्यवस्था भी हो जाती है। कई दिनों तक कार्ड वितरण का कार्यक्रम चलेगा।
- कुलदीप सिंह, जीएम, करनाल रोडवेज