करनाल। तीन बाणधारी की जय, नीले के सवार की जय, हारे के सहारे की जयकार से सेक्टर-7 गूंज उठा। मौका था श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल और सेक्टर-7 मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित श्री खाटू श्याम संकीर्तन का। संकीर्तन में जैसे ही श्री श्याम बाबा के आगे लगा पर्दा हटा तो श्रद्धालु बाबा के सुंदर सजे दरबार का दर्शन कर जयघोष करने लगे।
कलाकार हेमंत ललित के भजन ‘आएगा आएगा, नीले चढ़ सांवरा आएगा। सजा दो घर को गुलशन सा मेरे सरकार आए हैं’ पर श्रद्धालु जमकर झूमे। प्रिंस बजाज ने ‘तेरा दरबार हमने सजाया है श्याम, तुमको बुलाया है श्याम, हां बता दे कही कोई कमी तो नही। मैंने मोहन को बुलाया हैं वो आता होगा’ गाकर बाबा का गुणगान किया।
पानीपत की कलाकार दीक्षा वादवा ने ‘जीत जाएंगे हम, डर की क्या बात हैं, हर कदम सांवरा जब मेरे साथ हैं’ गाकर श्री खाटू श्याम का गुणगान किया। भरत उमेश वृंदावन ने क्या कहना बाला जी तेरे दरबार का, रख दे ख्याल बाला जी थारे सेवादार का, इस मंदिर सा कोई नही पूरे संसार में, हर अर्जी पूरी होती पहली बार में गाकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
सोमवार शाम को श्री श्याम बाला जी ज्योतिष केंद्र के संचालक पंडित विनोद शास्त्री ने अमूल, पंकिल गोयल, मोहन लोघी, अंशुल गर्ग से विशेष पूजा और जोत प्रचंड करवाकर कीर्तन का शुभारंभ करवाया। भरत उमेश वृंदावन ने कोलकाता से लाए गए गुलाब, कमल, गेंदा, चमेली, रजनीगंधा, पुदीना और मेवों की 31 मालाओं से बाबा का शृंगार किया गया। इस अवसर पर अंकुर गुप्ता, जतिन सिंगला, मीतू जैन, पंकज गुप्ता, सचिन गुप्ता और अंकित सिंगला मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।