करनाल। डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2025-26 के लिए 31 जनवरी तक https://saralharyana.gov.in/ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत पात्र छात्र-छात्राओं को उनकी श्रेणी, कक्षा और प्राप्तांक के आधार पर आठ से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में विमुक्त घुमंतु, टपरीवास श्रेणी व अन्य वर्ग के मेधावी छात्रों को अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से योजना जारी की जा रही है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। संवाद
रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने पर 78 हजार रुपये तक की छूट
करनाल। केंद्र सरकार की सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने पर कुल 78 हजार रुपये तक की छूट दी जाएगी। योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है और वे परिवार जिनकी आय 1.80 लाख से तीन लाख रुपये तक है और जिनकी वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, वे इस योजना का लाभ ले सकते हैं। पहले 2 किलोवाट तक सोलर सिस्टम पर 60 हजार रुपये तक की छूट मिलेगी। 2 से 3 किलोवाट क्षमता के लिए 18 हजार रुपये की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। लाभार्थी को अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्राप्त हो सकती है। संवाद