माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) की कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक विद्यार्थी दाखिले के लिए स्कूल की या एनवीएस की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 30 अक्तूबर है। प्रवेश की परीक्षा आठ फरवरी 2025 को आयोजित की जाएगी।
नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा प्रारूप भी घोषित हो गया है। प्रवेश परीक्षा की अवधि ढाई घंटे होगी। दिव्यांग विद्यार्थियों को अतिरिक्त 50 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। नवोदय विद्यालय समिति ने आवेदन के लिए डायरेक्ट लिंक भी उपलब्ध कराए हैं। इच्छुक छात्र कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए सीधे लिंक का उपयोग कर सकते हैं। अधिसूचना के अनुसार, 30 अक्तूबर के बाद आवेदन नहीं किया जा सकेगा। वहीं चयन परीक्षा आठ फरवरी 2025 को आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की जाएगी।
इन दस्तावेजों की जरूरत
आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी। कक्षा नौवीं और 11वीं के प्रवेश फॉर्म भरते समय आवेदकों को जानकारी फार्म में भरने के साथ-साथ दस्तावेज अपलोड करने भी जरूरी हैं। इनमें छात्र का फोटो, हस्ताक्षर, माता-पिता के हस्ताक्षर, शैक्षणिक अंक पत्र और मान्य फोटो पहचान पत्र शामिल है।
प्रवेश परीक्षा का प्रारूप
- कक्षा 9वीं : परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे। अंग्रेजी के 15 प्रश्न, हिंदी के 15 प्रश्न, गणित के 35 प्रश्न और सामान्य विज्ञान के 35 प्रश्न पूछे जाएंगे।
- कक्षा 11वीं : परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे। मानसिक क्षमता के 20 प्रश्न, अंग्रेजी के 20 प्रश्न, विज्ञान के 20 प्रश्न, सामाजिक विज्ञान के 20 प्रश्न और गणित के 20 प्रश्न शामिल होंगे।