संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। घरौंडा फ्लाईओवर पर रोड रोलर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौत हो गई। घरौंडा थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में पानीपत के गांव दहर निवासी गुलशन ने बताया कि उसका बड़ा भाई धीरज गांव कुटेल में एक प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह शाम को बाइक पर सवार होकर घर आता था। उसका भाई धीरज 14 अक्तूबर को बाइक पर सवार होकर घर आ रहा था। घरौंडा फ्लाईओवर पर रोड रोलर चालक ने धीरज की बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क पर गिर गया। इस दौरान उसे गंभीर चोट लग गई।
राहगीर उसे अस्पताल लेकर गए तो वहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे पानीपत के अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां उसने दम तोड़ दिया। उसके भाई की दो बेटियां हैं। वह घर पर अपने पिता का इंतजार कर रही थी। घरौंडा थाना प्रभारी राजपाल ने बताया धीरज के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।