संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि जुलाई 2025 सत्र की दाखिला प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। इच्छुक छात्र 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in के माध्यम से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इग्नू उन विद्यार्थियों के लिए वरदान है, जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में दाखिला नहीं ले पाए, चाहे वह मेरिट का मामला हो या पारिवारिक या सामाजिक कारण।
इग्नू न केवल शहरी बल्कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी उच्च गुणवत्ता की शिक्षा सुलभ करा रहा है। उन्होंने बताया कि इग्नू स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट जैसे कई पाठ्यक्रमों की पेशकश करता है। स्नातक में प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, वहीं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री आवश्यक है।