रोड़ समाज के लोगों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कालरम गांव का अभिषेक अमेरिका के जॉर्जिया से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस मामले में सोमवार को रोड़ समाज के लोगों ने बैठक की। इसके बाद कार्रवाई की मांग के लिए काली पट्टी बांधकर रोष प्रदर्शन किया। एसपी कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने न्याय की गुहार लगाई। प्रदर्शनकारियों ने तीन दिन का समय देते हुए कहा कि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
अभिषेक 24 अगस्त को अमेरिका के जॉर्जिया से लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने विदेश में भी भारतीय नागरिकों से उसके बारे में जानकारी ली, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई। करीब एक सप्ताह से अपने बेटे की तलाश के लिए परिजन सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे है। परिजनों का कहना है कि उन्हें डर है कि कहीं उनके बेटे की हत्या न कर दी गई हो।
एक साल पहले डॅान्की के जरिए गया था अमेरिका
कालरम निवासी रणबीर सिंह ने बताया कि उसका 23 वर्षीय बेटा अभिषेक करीब एक साल पहले डॉन्की के रास्ते अमेरिका गया था। वह नौ महीने से अमेरिका के जॉर्जिया शहर में नौकरी कर रहा था। उससे पहले वह दो साल इंग्लैंड में भी रहा।