असंध। नशे के अवैध कारोबार की शिकायतों पर शुक्रवार को पुलिस ने वार्ड-1 समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर दबिश देने के साथ वाहनों की जांच की गई और कई लोगों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया। एक मकान से अवैध रूप से रखे गए पटाखों का बड़ा जखीरा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शहर के विभिन्न वार्डों में अवैध पटाखों के कारोबार की शिकायतें भी मिली हैं।
डीएसपी गोरखपाल राणा, थाना प्रभारी राजेश कुमार और महिला थाना प्रभारी कनुप्रिया के नेतृत्व में छापे मारे गए। डीएसपी नपे बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध लोगों ने गलियों और बिजली के खंभों पर कैमरे लगा रखे थे। इन कैमरों से आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस ने मौके से कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच के लिए अपने साथ ले ली। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के कारण भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस अब डीवीआर और कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।