माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। वीरवार को अस्पताल परिसर में मातृत्व कार्ड बनवाने आई दो गर्भवती महिलाओं और उनके परिजन से मारपीट की गई। एएनएम ने डंडे से मारा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना सुबह 10 बजे की है। सीएचसी पर कई गर्भवती महिलाएं मातृत्व कार्ड बनवाने के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात एएनएम ममता ने दो महिलाओं (ममता, रीतिका गोयल) से अभद्र भाषा में बात की। कार्ड बनाने से इनकार कर दिया। महिलाओं के साथ आए परिजन ने विरोध जताया। विवाद बढ़ा तो एएनएम ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजन से हाथापाई शुरू कर दी। डंडे से मारा। काफी देर तक हंगामा होता रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी एएनएम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी है। जांच अधिकारी विपिन ने बताया कि मामले में चार लोगों के मेडिकल कराए गए हैं। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के दो वीडियो हो रहे वायरल
- वीडियो-1 :
कल्याण स्पीकर से बन वा लो कार्ड...
20 सेकेंड के एक वायरल वीडियो में एक युवक कहता दिख रहा है कि ये मैडम कह रही हैं कि हरविंदर कल्याण स्पीकर साहब से बनवा लो कार्ड... इसके बाद एएनएम अपना आपा खो देती हैं और गर्भवती महिलाओं और उनके परिजन को थप्पड़ मारने की कोशिश करती हैं। वह अपने पास रखे एक डंडे से चार लोगों की पिटाई कर देती हैं। वीडियो में इसी दौरान एएनएम कहती दिखाई दे रही हैं कि ऐसी की तैसी तेरी...
वीडियो-2 :
एएनएम बोलीं- क्यों भोंक रहे हो आप...
27 सेकेंड के दूसरे वीडियो में परिजन और एएनएम के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। परिजन कह रहे हैं कि आप कार्ड क्यों नहीं बना रही हैं। इस पर एएनएम कहती हैं कि आप कौन हो। आप ऐसे बनवा लोगे मुझसे। इस पर एक परिजन बोलता है कि आपको सस्पेंड करा देंगे। एएनएम कहती हैं कि जा तू कर ले...। परिजन एएनएम से कहते हैं कि ये बोल कैसे रहे हो आप। एएनएम कहती हैं कि क्यों भोंक रहे हो आप। इसपर महिला के परिजन कहते हैं कि तू भोंक रही होगी।
-
विधानसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग
मामले में परिजन ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। विधानसभा अध्यक्ष घरौंडा में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान परिजन उनसे शिकायत करने पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-
पहले भी हो चुकी हैं कई वीडियो वायरल
अस्पताल के स्टाफ के मरीजों और तीमारदारों से अभद्रता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी स्टाफ के अभद्रता करने के वीडियो वायरल हो चुके हैं।
-
वर्जन -
घटना की जानकारी मिली है। अस्पताल में स्टाफ की कमी है लेकिन किसी भी मरीज या परिजन के साथ अभद्रता या मारपीट बर्दाश्त नहीं की जा सकती। दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. मनीष गोयल, चिकित्सा अधिकारी
मामले में एएनएम पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं और एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - विपिन, जांच अधिकारी विपिन
घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डंडे से पिटाई करने का फोटो