घरौंडा। कस्बे के बरसत गांव की बेटी अंजलि सैनी ने जयपुर में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की शूटिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। मंगलवार को अंजलि के गांव में पहुंचने पर अंतरराष्ट्रीय संस्था के सदस्यों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
गांव के बस स्टैंड से उनके निवास स्थान तक ढोल-नगाड़ों के साथ उनको ले जाया गया। घर पहुंचते ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।अंजलि ने बताया कि 24 नवंबर से जयपुर में चल रही खेलो इंडिया प्रतियोगिता के 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल इवेंट में उन्होंने हिस्सा लिया था। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की ओर से तीन सदस्यीय दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ था। 28 और 29 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबलों में अंजलि ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। मंगलवार को अंजलि के गांव लौटने पर सहयोग इंटरनेशनल संस्था के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर जोरदार स्वागत किया। संस्था के सदस्य संजीव वशिष्ठ ने कहा कि अंजलि ने कठिन मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ गांव का बल्कि कॉलेज और यूनिवर्सिटी का भी मान बढ़ा है।