करनाल। जिले के युवा निशानेबाज अनीश भानवाला ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अगले दौर में जगह बनाई है। प्रतियोगिता के पहले दिन उन्होंने सटीक निशानेबाजी करते हुए कुल 290 अंक प्राप्त किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह तालिका में पांचवें स्थान पर रहे। वीरवार को अंतिम क्वालीफायर मुकाबला है।
अनीश के पिता जगपाल ने बताया कि उन्होंने मैच की शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। रैपिड फायर पिस्टल के इस कठिन मुकाबले में उनके निशाने बेहद सटीक थे। उनकी गति और एकाग्रता उनके अच्छे प्रदर्शन और आत्मविश्वास को दर्शाती है। अनीश शुक्रवार को प्रतियोगिता के अंतिम क्वालीफायर चरण में उतरेंगे। यह चरण फाइनल में जगह बनाने के लिए बेहद निर्णायक साबित होगा।
जगपाल ने कहा कि अनीश ने पहले दिन उम्मीद के मुताबिक ही प्रदर्शन किया है। 290 अंकों का स्कोर एक मजबूत आधार प्रस्तुत करता है। अंतिम क्वालीफायर दौर चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन अनीश मानसिक रूप से मजबूत दिख रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि वह फाइनल के लिए आसानी से क्वालीफाई कर लेंगे। उनका लक्ष्य शीर्ष खिलाड़ियों में जगह बनाकर सीधे फाइनल में प्रवेश करना होगा।
उपलब्धियां
अनीश भानवाला ने 2023 सीनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत को कांस्य पदक दिलाया था। यह पदक 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में 12 साल बाद देश को मिला। इससे पहले 2022 सीनियर वर्ल्ड कप में उन्हें एक टीम स्वर्ण पदक भी मिला था। वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में कॉमनवेल्थ गेम में अनीश ने स्वर्ण पदक जीता। उस समय वह 10वीं कक्षा में पढ़ाई करते थे। फरवरी 2018 में सिडनी में जूनियर वर्ल्ड कप में मुस्कान और अनीश ने व्यक्तिगत स्वर्ण पदक हासिल किया।