सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन ने वीरवार को मांगों के लिए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डीसी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान जसपाल ने की। मंच संचालन जिला सचिव शकुंतला ने किया। इससे पहले जवाहर पार्क में आंगनबाड़ी वर्कर, हेल्पर, आशा वर्कर, मिड-डे मील, बाल सेविकाएं, भट्टा मजदूर यूनियन, भवन निर्माण, वन विभाग मजदूर यूनियन के सदस्य जमा हुए।
जिला प्रधान जसपाल ने आरोप लगाया कि सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना कर पूंजीपतियों का साथ दे रही है। जिला प्रधान रामभतेरी ने कहा कि दो महीनों से वर्करों को वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि श्रम कल्याण बोर्ड की बैठक बुलाकर भवन निर्माण कामगारों के बारे में स्वीकार की गई मांगों को लागू किया जाए। इस अवसर पर जिला सचिव नरेश, बाल सेविका मिथलेश, गौरव शर्मा, जोगिंदर, सीता राम और जय प्रकाश मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी वर्कर्स ने भी की बैठक
कैथल। आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन की बैठक जिला प्रधान रामभतेरी की अध्यक्षता में हुई। मंच संचालन शकुंतला ने किया। जिला प्रधान रामभतेरी ने कहा कि दो माह से वर्करों और हेल्परों को वेतन नहीं मिला है। चार महीने से माह से आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया नहीं दिया गया है। जिले में 2011 में एलआईसी के बीमा करवाए गए थे। अधिकारियों और एजेंटों ने मिलकर वर्करों के साथ 48 लाख रुपये का घोटाला किया लेकिन आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन आंदोलन करेगी। इस अवसर पर राजौंद प्रधान संतोष, पूंडरी प्रधान गुड्डी, शांति, कांता, शशी, रुचि, राजबाला, अनीता, जगवति, नीलम, रेखा, प्रचार सचिव इंदिरा, अध्यापक नेता जय प्रकाश, निर्मला, उषा माजरा और केलो बालू मौजूद रहीं।