माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने अपनी मांगों के समर्थन में बुधवार को नीलोखेड़ी विधायक धर्मपाल गोंदर के आवास पर प्रदर्शन किया। सेक्टर-12 से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुई प्रदर्शनकारी महिलाएं मॉडल टाउन पहुंचीं। विधायक के आवास से कुछ दूर पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार को भी कोसा।
विधायक के प्रतिनिधि एवं ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत कर मांगों का समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान रूपा राणा ने की। वहीं घरौंडा ब्लाक सचिव रीना, नीलम और बिजनेश राणा ने प्रदर्शन का संचालन किया। उन्होंने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री द्वारा 2018 में की गई घोषणाओं को क्यों लागू नहीं कर रही है। सरकार के अड़ियल रवैये के कारण उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा है। जब तक सरकार मांगें नहीं मानती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर फूल सिंह शयोकंद, पिंकी, सविता, पूनम, कविता, कमलेश, रीना, सुदेश, संतोष, सरोज, नीलम, उषा सैनी और राजबाला मौजूद रहे।
14 से डालेंगे राज्य स्तरीय महापड़ाव
सीटू जिला प्रधान सतपाल सैनी और सचिव जगपाल राणा ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में चल रहे आंदोलन को दो माह से ज्यादा समय बीत चुका है। लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। करनाल में 14 फरवरी से राज्य स्तरीय महापड़ाव डालने का फैसला लिया है। जिसमें प्रदेश भर से वर्कर्स करनाल पहुंचेंगी। वीरवार को इंद्री और घरौंडा विधायक के आवास का घेराव किया जाएगा।
सरकार की घोषणाओं को लागू करवाने के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। सरकार क्यों नहीं अपनी घोषणाओं को लागू कर रही।
-प्रवीण शर्मा
आंगनबाड़ी वर्कर्स को बर्खास्त करने और झूठे मुकदमे दर्ज करने जैसे काम हो रहे हैं। फिर भी मांगें लागू होने तक आंदोलन मजबूत हैं।
- रीना शर्मा
महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़े दावे किए जाते हैं। यहां महिलाएं अपने हक के लिए सड़क पर बैठी हैं तो कोई ध्यान नहीं दे रहा।
- शशीबाला
पहले घोषणाएं कराने के लिए आंदोलन किया था, अब उन्हें लागू कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार बेवजह परेशान कर रही है।
- वेदवती