करनाल। अमृतपुर कलां गांव में पौने दो करोड़ रुपये से सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। रविवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शिलान्यास किया। उन्होंने सामुदायिक केंद्र के हॉल का आकार 54 गुणा 36 से बढ़ाकर 80 गुणा 40 फीट करने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग की ओर से इस केंद्र का निर्माण कार्य 15 महीने के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संभवत: ग्रामीणों ने पहले कभी सोचा नहीं होगा कि इतना बड़ा सामुदायिक केंद्र बनेगा। 2014 में 15-20 गांवों में तो गलियां-रास्ते पूरी तरह से कच्चे थे जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन अब इनमें हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दो साल में जहां भी जमीन उपलब्ध होगी वहां महिलाओं के लिए चौपाल बनवाई जाएंगी। कई गांवों में इनका निर्माण कराया जा चुका है स्वयं सहायता समूह के लिए घरौंडा में प्रदेश का पहला ट्रेनिंग सेंटर बन रहा है।
उन्होंने बताया कि रिंड रोड, मेडिकल यूनिवर्सिटी भी निर्माणाधीन है। अराईपुरा में एनसीसी अकादमी बनाई जा रही है। यमुना बेल्ट में दूसरी आईटीआई बनवाई जाएगी। उन्होंने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना और ग्रामीणों से सूर्य घर मुफ्त योजना का लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, नायब तहसीलदार अरविंद यादव, देवेंद्र, सुरेंद्र कश्यप, रामपाल सैनी आदि मौजूद रहे।