निसिंग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। वीरवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल लाना पड़ा। लोगों का कहना है क्षेत्र का एकमात्र स्वास्थ्य केंद्र सड़क दुर्घटना में घायल लोगों व अन्य रोगियों की सुविधा के बजाय मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है।
परिजनों का कहना है कि महिला करीब एक घंटे तक दर्द से कराहती रही लेकिन परिजनों के बार-बार 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं पर संपर्क करने पर भी कॉल रिसीव नहीं हुई। जब महिला को अस्पताल ले जा चुके थे तो करीब एक घंटे बाद एंबुलेंस सीएचसी पहुंची, जहां चालक ने टायर खराब होने के कारण देरी की बात कही। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सीएचसी में न तो दवाएं समय पर मिलती हैं और न ही आपात स्थिति में समुचित प्राथमिक उपचार हो पाता है।
निसिंग सीएचसी में एबुलेंस की सुविधा मौजूद है, लेकिन एबुलेंस पुरानी हो चुकी है और विभाग को इस संबंध में कई बार लिखित में एबुलेंस भेजने की मांग की गई है। जिससे घायल व अन्य मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।