संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एएसआई संजीव की हत्या के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों को एसटीएफ ने छह दिन के पुलिस रिमांड के बाद दोबारा कोर्ट में पेश किया। वहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
रिमांड के दौरान एसटीएफ ने यूपी के अलीगढ़ निवासी आरोपी तुषार, मोहित व खितेंद्र से बाइक बरामद की है तो वहीं यह भी पता चला कि आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देन से पहले नमस्ते चौक स्थित होटल में अपनी ही आईडी पर रूम बुक किया था। वहीं से एसटीएफ को आरोपियों को पता लगा था। फिलहाल इस मामले में दो आरोपी फरार है।
इनमें एक अलीगढ़ निवासी राहुल है, जिसने शूटर मोहित व तुषार को हथियार बरामद कराए थे। वह फिलहाल बंगलूरू में रह रहा है। वहीं एसटीएफ ने मुख्य आरोपी जीजा राजेश के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करा दिया है। फिलहाल जांच में हत्या के पीछे कारण सामने यह आए हैं कि आरोपी राजेश अपनी पत्नी यानी एएसआई की पत्नी के साथ झगड़ा करता था उसके साथ मारपीट करता था।
इसकी शिकायत वह अपने भाई एएसआई से करती थी तो एएसआई अपने जीजा राजेश को डांटता था। वहीं कनाडा में मकान को लेकर भी उनका झगड़ा हुआ था। बाकी एसटीएफ टीम का कहना है कि आरोपी राजेश के पकड़े जाने पर ही हत्या की असली वजह पता चल पाएगी। एसटीएफ करनाल यूनिट के इंचार्ज दीपेंद्र राणा का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बेटे के सदमे में मां ने भी तोड़ा दम
वहीं दूसरी ओर एएसआई संजीव की हत्या के बाद उसकी मां कमला देवी सदमे में थी क्योंकि संजीव से पहले करीब तीन साल पहले उसके बड़े बेटे की भी मौत हो गई थी। इसी सदमे में एसआई की मां की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। परिवार में दस दिनों में यह दूसरी मौत है। पूरे गांव में मातम का माहौल है।