माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सर्दियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में नगर निगम ने रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में रेड क्रास, निगम. समाज कल्याण व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें एक सप्ताह के अंदर शहर के सभी आठ रैन बसेरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने सबसे पहले पिछले साल संचालित किए गए सभी रैन बसेरों की जानकारी ली। इनमें सुविधाएं जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में गद्दे, कंबल, हीटर, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय और बिजली जैसी सुविधाएं मौजूद रहनी चाहिए। यदि और गद्दे व कंबल की आवश्यकता है, तो उसके लिए सचिव रेड क्रॉस को लिखा जाए।
नगरीय परियोजना अधिकारी (सीपीओ) को निर्देश दिए कि रैन बसेरों का उचित रखरखाव कराएं, इसके लिए केयर टेकर व चौकीदार की नियुक्ति करें। सफाई निरीक्षक से कहा कि रैन बसेरों के पास रखे शौचालयों को नियमित साफ-सफाई करवाई जाए। कनिष्ठ अभियंता को रैन बसेरों में कोई टूट-फूट हो तो उसे शीघ्र अति शीघ्र दुरूस्त करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में मूलभूत सुविधाएं पूरी रहें, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने ये भी कि वह किसी भी समय औचक निरीक्षण कर सकती हैं। सीपीओ को निर्देश दिए कि नागरिकों व बेघर लोगों की जानकारी के लिए शहर के मुख्य स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार तथा मुख्य चौक-चौराहों पर फ्लैक्स बोर्ड प्रदर्शित किए जाएं।
उन पर रैन बसेरों का स्थान तथा किसी प्रकार की परेशानी के लिए सम्पर्क नंबर जैसी इत्यादि जानकारी लिखी जाए। उन्होंने एक टीम का गठन करने के भी निर्देश दिए, जो फ्लाईओवर के नीचे या अन्य किसी स्थान पर खुले में सो रहे व्यक्तियों को गाड़ी में बिठाकर नजदीकी रैन बसेरे में छोड़कर आएंगे।
शहर में यहां हैं रैन बसेरे
इस समय नगर निगम के पास कुल आठ रैन बसेरे हैं। इनमें छह नगर निगम के तथा दो श्रम विभाग की ओर से संचालित किए जाते हैं। इनमें एक स्थाई तथा सात अस्थाई हैं। स्थाई रैन बसेरा प्रेम नगर नजदीक कैथल रोड रेलवे फ्लाईओवर के पास स्थित है। यह दो मंजिला है और इसकी क्षमता 80 लोगों की है। इसके अतिरिक्त निगम के रैन बसेठे रेलवे स्टेशन, कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के एमरजेंसी गेट के पास, पुराने बस स्टैंड के पीछे टैक्सी स्टैंड में, सेक्टर-12 स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय के पास तथा मेरठ रोड चौक पर हैं। श्रम विभाग से मिले दो रैन बसेरों को रेलवे स्टेशन तथा बिजली वितरण निगम कार्यालय के पास एक-एक अतिरिक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रैन बसेरों में करें कंबल दान : निगमायुक्त
निगमायुक्त ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे सर्दी के मौसम में किसी भी व्यक्ति को बिना आश्रय के घूमता देखें, तो एक पुण्य कार्य के नाते उसे रैन बसेरे में जाने के लिए कहें। बेघरों की सहायता के लिए जो लोग कंबल आदि दान देने के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या फ्लाईओवर जैसी जगहों पर जाते हैं, वह रैन बसेरे में आकर कंबल दान कर सकते हैं।