कंप्यूटर लैब अटेंडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और कंप्यूटर टीचर वेलफेयर एसोसिएशन की एसीएस के साथ हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद एसोसिएशन ने धरना समाप्त कर दिया है। वे पिछले 75 दिनों से लघु सचिवालय के समक्ष धरना देकर बैठे थे। एसोसिएशन के अनुसार, अब उन्हें हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल करके इसके नियम के अनुसार ही वेतन दिया जाएगा।
एसोसिएशन की बैठक चंडीगढ़ में अतिरिक्त मुख्य सचिव महाबीर सिंह के कार्यालय में हुई। राज्य प्रधान सुरेंद्र प्योंत, रामरूप शर्मा, महासचिव सुनील राणा और अमित धीमान ने अपनी मांगे रखी। जिसमें मुख्य मांग वेतन बढ़ोतरी, 12 महीने का वेतन, कंप्यूटर लैब अटेंडेंट के सर्विस रूल, ईपीएफ, ईएसआई, ट्रेजरी के माध्यम से वेतन, ट्रांसफर/एडजेस्टमेंट, कंप्यूटर लैब के लिए बजट और कंप्यूटर टीचर के लिए सर्विस रूल आदि शामिल रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव महाबीर सिंह ने कहा कि कंप्यूटर टीचर और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट की लगभग सभी मांगे हरियाणा कौशल रोजगार निगम में पूरी हो रही हैं, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं, जिसकी फाइल मुख्यमंत्री स्तर पर गई हैं जल्द ही मुख्यमंत्री और वित्त विभाग से स्वीकृति मिलते ही हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल कर लिया जाएगा और कौशल रोजगार के नियम अनुसार ही वेतन लागू होगा।
लैब के बजट के मामले पर उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से लैब का बजट मांगने के लिए बोला जाएगा। करनाल में धरना समाप्त करने के समय अनीश कुमार, साहिल असंध, राजेश पाढ़ा, दीपक, विकास, सुरेश माजरा, मलखान सिंह, रोशन लाल गुप्ता, रामनिवास त्यागी, अनिल बुरा, सुखविंदर नेहरा, सीताराम, संदीप, सत्यम, सुखराज सिंह, बलविंदर सिंह व रोहित शर्मा मौजूद रहे। ब्यूरो