पूंडरी। चोरों ने रविवार रात को पूंडरी स्थित नीलम गैस एजेंसी के गोदाम के मेन गेट का ताला तोड़कर 154 सिलेंडर चोरी कर लिए। सिलेंडरों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस व क्राइम टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में एजेंसी मालिक संदीप कुमार ने कहा कि रविवार को करनाल रोड स्थित उसके गोदाम से अज्ञात चोर 117 भरे हुए सिलेंडर, 36 खाली व एक कामर्शियल सिलेंडर चुराकर ले गए। एजेंसी कर्मी सुबह जब गोदाम पहुंचे तो उन्हें इस चोरी की जानकारी मिली। कर्मचारियों की सूचना मिलने पर वे भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया । सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर तथ्य जुटाए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बता दे कि क्षेत्र में यह अपने तरह की पहली घटना है। जब इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडरों की खेप चोरी हुई हो। अनुमान लगाया जा रहा है कि सिलेंडर चोरी करने वाले चोरों की संख्या सात से आठ रही होगी। चोरों ने एजेंसी गोदाम के पिछली साइड से दीवार पर लगी कांटे के तार काट कर इस घटना को अंजाम दिया। दीवार के पास बड़ी गाड़ी के टायर के निशान मिले है। इससे ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पूरे इरादे से इस घटना को अंजाम देने आए थे। पुलिस ने एजेंसी मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। चौकी प्र्रभारी सतबीर जांगड़ा से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस की क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई थी और इस मामले की जांच जारी है। चोरी गए सिलेंडरों की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
विदित रहे कि 8 जनवरी की रात को गांव फतेहपुर के रणजीत वालिया के मकान में भी अज्ञात चोरों ने 22 तोले सोना, एक लाख रुपये नकद व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। अभी तक पुलिस इस मामले को नहीं सुलझा पाई थी कि अब इस घटना ने सभी के होश उड़ा कर रख दिए है।