गांव कलसौरा में 9 दिन से लापता 23 वर्षीय अजीत की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव नहर में फेंक दिया गया था। यह खुलासा पोस्टमार्टम के बाद हुआ है। एक गोली अजीत के माथे और एक छाती पर लगी थी। जिसका शव वीरवार को बीजना नहर से मिला था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है जो कि उसी के परिवार से बताया जा रहा है।
कलसौरा निवासी विशाल ने बताया कि उसका भाई अजीत खेती बाड़ी करता था। दो फरवरी की शाम गांव का ही अंकित उसे अपनी पत्नी के जन्मदिन की पार्टी देने की बात कहकर बुलाकर ले गया था। लेकिन रात को वह घर नहीं आया। जब सुबह तलाश की तो कहीं नहीं मिला। बाद में पता चला कि बदरपुर के समीप हुई पार्टी में चार अन्य युवक भी उसके साथ थे जो कि रात में पहले ही घर आ गए थे। अजीत और अंकित वहीं पर थे। जब वहां गए तो कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले अंकित के पिता को अजीत ने थप्पड़ जड़ दिया था। पंचायत में अजीत ने माफी मांग ली थी। पुलिस इस घटना से जोड़कर भी मामले की जांच कर रही है।
अजीत को गोली मारी गई थी। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया है। पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतपाल, थाना प्रभारी, इंद्री