करनाल। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर झिंझाड़ी गांव के पास सोमवार को एक बाइक जलती हुई मिली। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझी बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस की 112 टीम के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें हाईवे पर एक बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी। जब टीम मौके पर पहुंची तो एक बाइक जल रही थी। बाइक की नंबर प्लेट भी आग में जल चुकी थी और घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं था।
कुछ देर बाद बाइक का मालिक मौके पर पहुंचा और उसने पुलिस को बताया कि वह डेहा बस्ती का निवासी है। उसका अपने बेटे के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी गुस्से में बेटे ने घर से बाइक उठाई और झिंझाड़ी के पास हाईवे पर लाकर आग लगा दी। बाइक में आग लगाने के बाद वह भाग गया है। थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। बाइक में आग लगाने की वजह पिता-पुत्र के बीच झगड़ा सामने आया है। ब्यूरो