फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: हरियाणा गठन के बाद करनाल ने दिए तीन जिले

विज्ञापन
विज्ञापन
- 1739 में अस्तित्व में आया था करनाल, अब खंड असंध को जिला बनाने की तैयारी
विज्ञापन

-कृषि, खेल, अनुसंधान और शिक्षा नाम कमाने के बाद पर्यटन नगरी के रूप में बन रही पहचान

- हरियाणा गठन तक पानीपत, कैथल और कुरुक्षेत्र भी थे करनाल का हिस्सा,
इनका 1959 तक का राजस्व रिकार्ड आज भी यहीं, ऐतिहासिक धरोहरें भी समेटे है कर्ण नगरी

गगन तलवार

करनाल। दानवीर राजा कर्ण की नगरी की यूं तो पहचान देश की आजादी से भी पहले की है लेकिन हरियाणा गठन के बाद से प्रदेश की समृद्धि में इसका खास योगदान है। इस जिले ने जहां कृषि, खेल, अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमाया। वहीं प्रदेश को पानीपत, कैथल और कुरुक्षेत्र जैसे तीन जिले भी दिए। अब जिले के सबसे बड़े खंड के रूप में पहचाने जाने वाले असंध को जिला बनाने की तैयारी है। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कई बार राजनैतिक दावे भी हुए हैं। इस बार चुनावी साल नजदीक आते ही करनाल के असंध का जिला बनने की उम्मीद फिर जगी है।

1739 में अस्तित्व में आए करनाल की कर्ण नगरी के बाद अब पर्यटन नगरी के रूप में भी पहचान देने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। जहां स्मार्ट सिटी के तहत करोड़ों रुपये शहर की सुंदरता पर खर्च किए जा रहे हैं। वहीं कर्ण नगरी कई ऐतिहासिक धरोहरों को भी अपने में समेटे हुए है। महाभारत काल, मुगल काल और ब्रिटिश काल की कुछ निशानियों यहां पर हैं। जिनके पुराने वजूद को नए रूप में जिंदा करने के लिए भी काम हो रहा है। पुराने शहर की कुछ निशानियों को अब स्मार्ट सिटी के तहत हैरीटेज कॉरीडोर में भी विकसित किया गया।
विज्ञापन

जिनमें 200 साल पुरानी क्रिश्चियन सिमेटरी, ब्रिटिश काल में बना ओल्ड कचहरी भवन, रिकॉर्ड रूम, कोस मीनार और आजादी से पूर्व का विक्टोरिया मेमोरियल हाॅल शामिल है। वहीं कर्ण लेक जैसे कई स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां कई ऐतिहासिक मंदिर और गुरुद्वारे भी हैं। 284 साल पुराने करनाल से निकलकर अलग बने जिलों का 1959 तक का संयुक्त रिकॉर्ड भी यहां मौजूद है। पुरानी धरोहरों में रेलवे स्टेशन, करनाल क्लब भी शामिल है।



ऐसे बने करनाल से अलग जिले

- कुरुक्षेत्र : 23 जनवरी 1973 को करनाल से अलग होकर इसे अलग जिला बनाया गया था। तीर्थ स्थलों की पावन धरा धर्मनगरी कुरुक्षेत्र का इतिहास अपने आप में बेहद रोचक है। करनाल से जुड़ी महाभारत काल की कई निशानियां इस जिले में चली गई।

- पानीपत : एक नवंबर 1989 को चौ. देवीलाल ने इसे अलग जिला घोषित किया। इसके बाद भजनलाल सत्ता में आए। 1991 में पानीपत को फिर से करनाल जिले का हिस्सा बना दिया। लोगों ने आंदोलन किया तो राजनैतिक दबाव बढ़ने पर उन्होंने 1993 में पानीपत को फिर से जिला घोषित किया। हालांकि, लोकसभा क्षेत्र आज भी करनाल ही है।

- कैथल : 1989 में हरियाणा जिले के रूप में अस्तित्व में आया। माना जाता है कि वर्तमान में कैथल जिला उस समय करनाल का हिस्सा धर्मराज युधिष्ठर द्वारा महाभारत काल के दौरान स्थापित किया गया था।



प्रिंसिपल स्ट्रीट के नाम से जाना जाता था बाजार

पुराना शहर के केवल सात द्वारों के अंदर ही बसा था। शाम को छह बजते ही सुरक्षा के लिहाज से इन्हें बंद कर दिया जाता था। 1960 तक कमेटी रात में इन पर दीये जलाती थी। आजादी से पहले जुंडला गेट पर दो चुंगी हुआ करती थीं। बासों गेट में बांस की मंडी लगती थी। कर्ण गेट और कलंदरी गेट बाजार का रास्ता था, कलंदरी गेट में ही मीना बाजार भी लगता था। अंग्रेजों के जमाने में वर्तमान के सराफा बाजार की गली को प्रिंसिपल स्ट्रीट के नाम से जाना जाता था। वहीं कर्ण गेट मार्केट भी शहर का नेशनल हाईवे भी हुआ करता था।



1865 से रखा है संयुक्त रिकॉर्ड

पुरानी कचहरी स्थल में बना रिकॉर्ड रूम अंग्रेजों के जमाने का था, जिसे ध्वस्त कर दिया। यहां 1865 से लेकर 1964 तक का राजस्व रिकॉर्ड है। 1905 से 31 मार्च 1987 तक का ज्यूडिशियल रिकॉर्ड भी है। आजादी के बाद पानीपत, कुरुक्षेत्र व कैथल जिले भी करनाल के ही भाग थे। 1959 तक का पानीपत, 1956 तक का कुरुक्षेत्र और 1957 तक का कैथल जिले का राजस्व रिकॉर्ड यहां है। पुराने रिकार्ड के 50 लाख से ज्यादा पेजों को डिजिटल किया गया है। नया भवन लघु सचिवालय में बन रहा है।
विज्ञापन




जानें अपने शहर का इतिहास

मान्यता के अनुसार, करनाल शहर महाभारत के प्रसिद्ध राजा कर्ण द्वारा स्थापित किया गया था। सन 1739 में करनाल प्रमुखता से तब वजूद में आया, जब नादिर शाह ने करनाल में मुहम्मद शाह को हराया था। प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, जींद के राजा गोपाल सिंह ने 1863 में करनाल पर कब्जा कर लिया और 1785 में मराठों ने करनाल में खुद को स्थापित किया था। 1795 में मराठों ने अंत में जींद के राजा भाग सिंह से करनाल शहर को जीत लिया। 1805 में अंग्रेजों ने यहां पर कब्जा किया और मंडल बनाया। करनाल को ब्रिटिश छावनी में तबदील कर दिया गया और जींद के राजा गजपत सिंह द्वारा निर्मित किले पर कब्जा कर उसे काबुल के आमिर दोस्त मोहम्मद खान के घर में परिवर्तित कर दिया। इस किले का उपयोग जेल के रूप में, घुड़सवार सेना के क्वार्टर के रूप में किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें