संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छठी और नौवीं में प्रवेश के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधानाचार्य गुरबीर सिंह ने बताया कि इच्छुक छात्र और छात्राएं स्कूल की वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर 30 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए विवरणिका भी इसी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रधानाचार्य गुरबीर सिंह ने बताया कि सैनिक स्कूल कुंजपुरा, रक्षा मंत्रालय के तहत एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान है, जिसका उद्देश्य कैडेट को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है। इस वर्ष छठी में लगभग 120 सीटें और नौवीं कक्षा में 20 सीटें उपलब्ध हैं। कुल सीटों में 67 प्रतिशत हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए और 33 प्रतिशत अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। रक्षा कार्मिक (भूतपूर्व सैनिक सहित) के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।
छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की जन्मतिथि एक अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2016 के बीच होनी चाहिए, जबकि नौवीं में प्रवेश के लिए 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2013 के बीच। प्रवेश पूरी तरह मेरिट और उम्मीदवार की चिकित्सा फिटनेस पर आधारित होगा। प्रधानाचार्य गुरबीर ने कहा कि प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर होगा, जिसके बाद साक्षात्कार और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दाखिला सुनिश्चित होगा।
इतने अंक पाने अनिवार्य
छठी की परीक्षा 300 अंकों की होगी, जिसमें 150 अंक गणित, 50 अंक विज्ञान और सामान्य ज्ञान, 50 अंक भाषा, और 50 अंक बुद्धिमत्ता पर आधारित होंगे। नौवीं की परीक्षा 400 अंकों की होगी, जिसमें 200 अंक गणित, 50 अंक अंग्रेजी, 50 अंक विज्ञान, 50 अंक सामाजिक विज्ञान और 50 अंक बुद्धिमत्ता के होंगे। वहीं, दोनों कक्षाओं की परीक्षा 150 से 180 मिनट की ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी।