माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ढाकवाला गुजरान गांव में वीरवार की रात को कहासुनी के बाद अनाज मंडी के चौकीदार आदित्य (18) को गांव के सोनू ने बर्गर काटने में इस्तेमाल होने वाले चाकू से छाती पर वार किया था, इससे दिल व उसके पास के हिस्से में चाकू लगने से उसकी मौत हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी सोनू ने बताया कि शराब के नशे में डीजे पर नाचते हुए आदित्य का हाथ लगने पर उसे गुस्सा आ गया था। इसी बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई थी। तो घर जाने के बाद वह चाकू लेकर आया और उसे बाहर बुलाकर उस पर वार किए थे। शुक्रवार की रात को गिरफ्तार हुए सोनू को शनिवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
सदर थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि आरोपी सोनू को फास्टफूड का काम शुरू करना था। इसके लिए वह कुछ दिन पहले बर्तन, क्रॉकरी और चाकू आदि सामान खरीदकर लाया था। वीरवार की रात को कहासुनी में उसकी बेइज्जती होने के बाद वह घर लाए नए सामान से चाकू उठाकर लाया था। रिमांड के दौरान पुलिस चाकू बरामद करेगी। साथ ही वारदात के समय मौजूद अन्य युवक व आरोपियों का पता लगाएगी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने सोनू के अलावा गांव के अजय को नामजद करते हुए केस दर्ज किया था। पूछताछ में सामने आया है कि डीजे पर सोनू और उसके सभी साथी शराब के नशे में नाच रहे थे।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
ढाकवाला गुजरान गांव में वीरवार की रात को शादी समारोह के दौरान डीजे लगा था। इस समारोह में पड़ोसी आदित्य और गांव के सोनू व अजय और अन्य सभी पहुंचे हुए थे। यहां नाचते हुए गांव के ही सोनू और अजय की डीजे पर आदित्य के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में दोनों आरोपी उसे समारोह से बाहर बुलाकर ले गए और एकांत में अन्य युवकों के साथ मिलकर उन्होंने चाकू से उस पर कई वार किए। वारदात की तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पिता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने सोनू और अजय को नामजद करते हुए केस दर्ज किया था। शुक्रवार को एक आरोपी सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
शोर मचाया तो भाग गए थे आरोपी
पिता मनोज ने बताया कि उनका छोटा बेटा आदित्य चाकू लगने पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गए। घायल हालत में युवक को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज लाए। जहां उसे भर्ती कर लिया गया, लेकिन उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। उनका कहना है कि आदित्य की किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। आरोपियों ने उसे बेरहमी से मारा है।