करनाल। भीषण गर्मी के बीच लगातार बढ़ रहे बिजली लोड और लाइन ट्रिपिंग की समस्या को देखते हुए बिजली निगम ने अतिरिक्त एसडीओ की ड्यूटी लगा दी है। निगम की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी क्षेत्र में बिजली लाइन ट्रिप होने की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे। बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। एक दिन में 131 लाख यूनिट की बिजली खपत हो रही है। ऐसे में कई जगह ओवरलोड और तकनीकी खराबियों के कारण लाइन ट्रिप होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं को लंबे समय तक परेशानी से बचाने और बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
बिजली निगम के पास रोजाना 1600 से अधिक शिकायतें आती हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल फॉल्ट ठीक करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लाइन ट्रिप होने के पीछे की वास्तविक वजह की भी जांच की जाएगी। अतिरिक्त एसडीओ संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के साथ मिलकर यह पता लगाएंगे कि ट्रिपिंग ओवरलोड, तकनीकी खराबी, उपकरणों की कमजोरी या किसी अन्य कारण से हुई।
इसके साथ ही भविष्य में उसी स्थान पर दोबारा समस्या न आए, इसके लिए स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निगम का मानना है कि बार-बार एक ही क्षेत्र में बिजली बाधित होने की शिकायतों को गंभीरता से लेकर तकनीकी स्तर पर सुधार करना जरूरी है।
उपभोक्ताओं को राहत देने पर फोकस
बिजली निगम ने फील्ड स्टाफ को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई और तेजी से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
निगम का दावा है कि अतिरिक्त एसडीओ की तैनाती से ट्रिपिंग की घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण होगा और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।