माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान महापौर रेणू बाला गुप्ता ने कहा कि शिकायत का एक ही बार में निस्तारण हो जाना चाहिए अन्यथा टालने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आए नागरिकों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों को बुलाकर उनकी समस्याओं का निवारण करवाया। इस दौरान महापौर के समक्ष लोग संपत्ति कर आईडी में त्रुटि को दुरूस्त करना, सड़कों के गड्ढे भरने, सीवरेज व बरसाती लाइनों की सफाई के साथ स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने की मांग लेकर पहुंचे थे। उनकी शिकायत थी कि वह कई बार आ चुके हैं लेकिन शिकायत का समाधान नहीं हो पा रहा है। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए। प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यों के प्रति गंभीर रहें, किसी प्रकार की कोताही न बरतें। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे कार्यालय में आते समय अपनी शिकायतें लिखित रूप में लेकर आएं और अपना मोबाइल नंबर भी अवश्य लिखें, ताकि कार्य होने का फीडबैक भी लिया जा सके।
महापौर ने जन सुनवाई के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा विधायक जगमोहन आनंद के नेतृत्व में करनाल शहर में विकास कार्यों की बहार बह रही है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अनेक प्रकार के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिनका नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।