घरौंडा। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद दोबारा सड़कें बनाने का सिलसिला नहीं रुक रहा है। नगर पालिका घरौंडा और जिला योजनाकार विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में पनोडी और बसताड़ा रोड पर अवैध कॉलोनियों में सड़कें ध्वस्त की गईं। करीब 15 दिन पहले भी इन क्षेत्रों में कार्रवाई की गई थी।
कॉलोनाइजरों ने फिर से मिट्टी और पत्थर डालकर सड़कें बना दी थीं। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सड़कों को ध्वस्त किया। अतिरिक्त जिला योजनाकार अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनियों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है। कॉलोनाइजर पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही हैं। विभाग इन क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रहा है।
नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि 15 दिन पहले की कार्रवाई के बाद भी सड़कें दोबारा बनाई गईं। उन्होंने आमजन से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचने की अपील की। किसी भी जगह प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता और विभागों से मिली मंजूरियों की जांच करें।