अंबाला सिटी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार बंसल की अदालत ने लिफ्ट देने के बहाने युवक के गले से सोने का लॉकेट झपटने के मामले में सह-आरोपी शहजादपुर निवासी कमल सिंह को नियमित जमानत दे दी है। अदालत ने आरोपी को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
यह वारदात 17 अक्तूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे हुई थी। धूलकोट माजरा निवासी शिकायतकर्ता विशाल अपने कार्यस्थल से छुट्टी कर घर जाने के लिए नारायणगढ़ मोड़ पर खड़ा होकर अपने पिता का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसे धूलकोट तक लिफ्ट देने के बहाने अपने बीच बैठा लिया। धूलकोट कट आने पर जब विशाल ने उतरने को कहा तो आरोपियों ने बाइक नहीं रोकी और उसके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उससे मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। किंगफिशर रिसॉर्ट के पास पहुंचने पर विशाल के शोर मचाने पर राहगीरों ने दोनों आरोपियों, सतनाम सिंह और कमल सिंह को मौके पर ही दबोच लिया। इस मामले में बलदेव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था।
साथी सतनाम को पहले ही मिल चुकी जमानत
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी युवा है और 17 अक्तूबर से जेल में बंद है, जबकि सह-आरोपी सतनाम को 2 नवंबर को पहले ही जमानत मिल चुकी है। सरकारी वकील ने आरोपी पर शाहबाद थाने में दर्ज लूट के एक अन्य मामले का हवाला देते हुए विरोध किया, लेकिन अदालत ने समानता के आधार और हिरासत अवधि को देखते हुए शर्तों सहित जमानत मंजूर कर ली।