माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नशीले कैप्सूल उपलब्ध कराने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पहले से गिरफ्तार हो चुके दो आरोपियों की निशानदेही पर हुई है। सीआईए-2 की टीम ने सूचना पर खतौली-मंसूरपुर के मेडिकल स्टोर से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहसिन को गिरफ्तार किया है। टीम के प्रभारी देवी दयाल न बताया कि इससे पूर्व इस मामले में आरोपी के दो अन्य साथी सुधीर एवं आर्यन को 696 ग्राम ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके विरुद्ध थाना तरावड़ी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपियों से की पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे नशीले कैप्सूल आगे बेचने के लिए आरोपी मोहसिन से खरीदकर लाते थे। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहसिन को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में किसी अन्य की संलिप्तता को लेकर पुलिस की जांच जारी है।