कुंजपुरा। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 28 वर्षीय कुलदीप का शव पानीपत के निकट दिल्ली पैरलल नहर से बरामद हुआ है। मृतक के परिजनों ने शव की पहचान की। शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर पीजीआई भेजा गया। कुंजपुरा निवासी 28 वर्षीय कुलदीप 13 जुलाई दोपहर बाद गांव से लापता हो गया था। अगले दिन उसके कपड़े व चप्पल गांव कलवेहड़ी के पास आवर्धन नहर के किनारे मिले थे। परिजनों ने नहर में डूबने की आशंका जताई थी। नहर में युवक को ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया, मगर सुराग नहीं मिल सका था। पानीपत में गोताखोर परगट सिंह ने नहर से शव को निकाला। मृतक के परिवार में मां, पत्नी, बहन व छह वर्षीय बेटा है। थाना कुंजपुरा प्रभारी तरसेम सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद