विदेश भेजने के नाम पर 34 लाख रुपये ठगी का है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका भेजने के नाम पर 34 लाख रुपये ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव बकनौर जिला अंबाला निवासी बलजिंद्र को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी को पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव हरनामपुरा जिला जींद निवासी प्रतीक की शिकायत अनुसार वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने अपने ताऊ राजेश के साथ जाकर गांव बादड़ जिला पानीपत निवासी रोहताश से बातचीत की। रोहताश ने उसको अमेरिका भेजने के लिए 38 लाख रुपये में बात तय हुई। इस पर आरोपी रोहताश ने उनके परिवारजनों से उसके दस्तावेज ले लिए। 17 जनवरी को रोहताश ने उसे दिल्ली से दुबई भिजवा दिया और 10 दिन बाद दुबई से नेपाल भिजवा दिया। सात फरवरी को नेपाल में उसके पास आरोपी रोहताश की ओर से भेजा आदमी आया और उसका पासपोर्ट ले लिया। उसके बाद दोनों आरोपियों ने उसका अगवा कर जबरदस्ती घर पर संदेश भिजवाया कि वह मैक्सिको पहुंच गया है। आरोपियों ने उसके घर फोन किया कि आपका बेटा अमेरिका पहुंचा गया है। यह कहकर आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों को ग्रीन वैली होटल में क्योड़क के पास बुलाया। उसके परिवार ने आरोपियों को 35 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसके साथ-साथ अन्य कई लडक़ों को भी नेपाल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। बाद में नेपाल की पुलिस ने उनको बचाया और 24 फरवरी को वह अपने घर पर पहुंचा। यहां आने के बाद जब उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो रोहताश ने केवल 99 हजार रुपये वापस दिए। बाकी रुपये मांगने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रोहताश के साथ गांव डोहर निवासी प्रवीन, अशोक, ईश्वर व गांव बकनौर जिला अंबाला निवासी बजिंद्र भी मिले हुए थे। पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। आरोपी किसी अन्य मामले में जिला अंबाला जेल में बंद था। उसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए थे।