संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। थाना इसराना की पुलिस ने जौंधन कलां की छात्रा को स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 18.30 लाख रुपये की ठगी करने के एक आरोपी विक्रम उर्फ विक्की को देहरा गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जौंधन कलां निवासी मोनिका ने जून 2024 में इसराना थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना है कि वह अपनी बेटी को विदेश में पढ़ाई के लिए भेजना चाहती थी। इसके लिए उसने दूर के रिश्तेदार देहरा गांव निवासी विक्रम से बात की थी। विक्रम ने उसे बेटी को स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात कही। एक दिन विक्रम अपनी मां निर्मला व भाभी रेनू के साथ घर आए और तीनों मिलकर कहने लगे उनके पास विदेश भेजने का लाइसेंस है।
झांसे में लेकर तीन व चार अगस्त 2023 को 21 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाकर 30 दिन में वीजा दिलाने की बात कही। इसके बाद उसने फोन उठाने बंद कर दिए। बाद में विक्रम ने उसके खाते में 2.70 लाख रुपये वापस ट्रांसफर कर दिए। साथ ही सात-सात लाख रुपये के दो चेक भी दिए जो बैंक से बाउंस हो गए थे।