गांव पस्ताना के पास नाले में बाइक गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं महिला का इलाज कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक निगदू वासी जोगिंद्र सिंह (35) शुक्रवार को अपनी पत्नी की दवाई लेने के लिए पड़ोसी सोनू की बाइक से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे। जब वे गांव पस्ताना के पास पहुंचे तो बाइक चालक सोनू को चक्कर आ गया। इससे बाइक असंतुलित होकर नाले में गिर गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जोगिंद्र सिंह व सोनू को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन जोगिंद्र सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं सोनू को पीजीआई दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। जबकि जोगिंद्र सिंह के शव पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। उसकी पत्नी सुमन का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि बाइक के नाले में गिरने से निगदू वासी जोगिंद्र सिंह मौत हो गई है तथा उसकी पत्नी सुमन व सोनू की हालत गंभीर है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, मामले की जांच चल रही है।