नेशनल हाईवे पर गढ़ी मुल्तान रोड के सामने कार की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में युवक को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखकर उसे प्राथमिक उपचार के बाद करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने बाइक चालक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप कर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार अलसुबह कुरुक्षेत्र के अखिरा गांव निवासी विरेंद्र कुमार (30) अपने साथी मुकेश के साथ कुरुक्षेत्र से पानीपत जा रहा था। नेशनल हाईवे पर गढी मुल्तान रोड के सामने एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चालक विरेंद्र ने बाइक का संतुलन खो दिया और दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक चालक विरेंद्र कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर मुकेश कुमार को घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल मुकेश की हालत गंभीर देखकर उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक विरेंद्र कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर चौटाला पेट्रोल पंप के सामने कार ने बाइक को टक्कर मारी थी। हादसे में कुरुक्षेत्र जिला के विरेंद्र की मौके पर मौत हो गई है जबकि मुकेश गंभीर रूप से घायल हुआ है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है।