अलग-अलग स्थानों पर घटित दो दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिये है। पहला हादसा मेरठ रोड स्थित शुगर मिल के सामने बाइक और पिकअप की आपसी टक्कर लगने से हुआ। इसमें दो बाइक सवारों की मौत हो गई। संदीप वासी फूसगढ ने बताया कि बुधवार शाम को उसका भतीजा अमित (22) और चचेरा भाई जरनैल सिंह (40) अपने किसी काम से बाइक पर सवार होकर मंगलौरा गए हुए थे, जब वे वहां से देर रात को घर की ओर आ रहे थे तो मेरठ रोड स्थित शुगर मिल के सामने करनाल की तरफ से तेज गति से आ रहे एक पशुओं से भरी पिकअप चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप गाड़ी पलट गई। गाड़ी पलटने से दोनों बाइक सवार गाड़ी के नीचे दब गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अमित अपनी दो बहनों का अकेला इकलौता भाई था।
वहीं दस सितंबर को नीलोखेडी में पुल के पास ट्रक की टक्कर से घायल एक साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंागे राम वासी अरजहेड़ी डेरा बाजीगर ने बताया कि दस सितंबर को उसका पिता साइकिल पर नीलोखेड़ी से घर जा रहा था। पुल के पास उसे एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल ने ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।