चिंतपुर के नजदीक सोमवार देर शाम तीन युवकों ने ट्रक चालक और क्लीनर को धुन दिया। युवकों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। चालक और क्लीनर को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने ट्रक चालक इब्राहिमपुर निवासी यासीन की शिकायत पर एक को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में यासीन ने कहा कि सोमवार को ट्रक लेकर जगाधरी की ओर जा रहा था। उसके साथ क्लीनर मीरिया भी था।
चिंतपुर गांव में उन्हें कुछ काम था, इसलिए उन्होंने ट्रक को गांव के नजदीक सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस दौरान वहां पर गांव का सुमित अपने दो अन्य साथियों के साथ आया।
किसी बात पर उनकी सुमित के साथ बहस हो गई। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि सुमित ने अपने दोनों साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया।
जब क्लीनर से उसे छुड़वाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। जब मौके पर लोगों की भीड़ जमा हुई, तो तीनों युवक वहां से फरार हो गए।
राहगीरों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी एएसआई दिलबाग सिंह ने कहा कि आरोपियाें को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।