माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मधुबन। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण बुधवार रात से वीरवार रात तक अलग-अलग जगह पर चार सड़क हादसे हुए। गनीमत रही कि हादसों में किसी की जान नहीं गई। एक मामले में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मधुबन के नजदीक हुए हादसे में दिल्ली के एक विधायक की गाड़ी अन्य दो गाड़ियों से भिड़ गई। तीनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
इंद्री रोड पर हुए हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली के अचानक ब्रेक लगाने से उस पर लदीं लोहे की रॉड में से एक पीछे आ रही कार के शीशे में घुस गई। हादसे में भी चालक बाल-बाल बचा। कार में रंबा निवासी विवेक और उनकी पत्नी भी सवार थे। उनको भी कोई चोट नहीं आई।
जीटी रोड पर मधुबन फ्लाईओवर पर एनएचएआई का एक लाल स्टॉपर बीच सड़क पड़ा हुआ था, इसके नजदीक आने पर एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए तो उसके पीछे तीन कारें टकरा गई। इनमें दूसरे नंबर की कार दिल्ली के एमएलए की थी। इसमें विधायक के परिवार के सदस्य थे और दिल्ली से करनाल की तरफ आ रहे थे। हादसे में किसी को चोट नहीं लगी आई। मधुबन थाना के प्रभारी गौरव ने बताया कि हादसे में सभी सुरक्षित थे, किसी को चोट नहीं आई, केवल गाड़ियों का ही नुकसान हुआ, सभी तुरंत आगे निकल गए।
इसके अलावा पक्का पुल के पास कुछ दूरी पर इसी तरह अचानक ब्रेक लगाने से तीन कारों की टक्कर हुई। तीनें कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। किसी को चोट नहीं लगी। वहीं मंगलपुर चौक पर बाइक सवार पिता-पुत्र को डंपर चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गए। पिता-पुत्र घायल हो गए।