संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। धूमसी गांव के पास बुधवार सुबह 5 बजे डंपर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गया। केबिन में फंसकर डंपर चालक सोनीपत के झुंडपुर गांव निवासी भोपाल (38) की मौत हो गई। परिचालक लोकेश के अनुसार, हादसा सड़क के गड्ढे के कारण हुआ।
लोकेश ने पुलिस को बताया कि वे यमुनानगर से मिट्टी लेकर दिल्ली जा रहे थे। सड़क पर आगे चल रहे ट्राॅला चालक ने सड़क पर गहरा गड्ढा आने पर अचानक ब्रेक लगाए। ट्रॉला से टक्कर से बचाने के लिए भोपाल ने भी अचालक ब्रेक लगाए लेकिन वह डंपर पर नियंत्रण नहीं रख सके। डंपर खंभे से टकराकर पलट गया। परिचालक लोकेश के अनुसार कि केबिन में चालक का सिर स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया था। वह तो निकल आए लेकिन भोपाल अंदर फंसे रह गए। उन्होंने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। लेकिन किसी ने सहायता नहीं की। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। उसने आगे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम के आने तक आधे घंटे से अधिक समय बीत गया था। टीम जब तक चालक भोपाल को केबिन से निकालकर इंद्री के सिविल अस्पताल पहुंचाया, उसकी मौत हो चुकी थी। इंद्री पुलिस थाना प्रभारी विपिन ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया है। अज्ञात ट्राॅला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चार बच्चों का पिता था भोपाल
भाई सुनील ने बताया कि उनके भाई भोपाल के दो लड़के और दो लड़कियां हैं। सुबह हादसे की सूचना मिलने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना पर डंपर मालिक संजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे।
-
सड़क में गड्ढे, अक्सर होते हैं हादसे
स्थानीय निवासियों रमन, प्रवीन, अमित, राहुल शर्मा, विनय, पारस, हेमंत ने बताया कि इंद्री-यमुनानगर मार्ग बहुत व्यस्त रहता है। भारी वाहनों की ज्यादा आवाजाही है। अधिकतर वाहन ओवरलोड होकर चलते हैं। सड़क खस्ताहाल है। गहरे गड्ढों के कारण अक्सर हादसे होते। गहरा गड्ढा सामने आने पर अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। सड़क की मरम्मत की जानी चाहिए।