माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला कष्ट निवारण समिति और पंचायत भवन की व्यवस्था में पिछली बार की तुलना में काफी सुधार नजर आया। सभागार के खराब एसी भी ठीक करा लिए गए हैं और लोगों को बैठने में परेशानी न हो, इसके लिए भी बुधवार को हुई बैठक में शानदार इंतजाम दिखाई दिए। गैर सरकारी सदस्यों के पहचान पत्र भी बनाए गए। इसके अलावा सभी विभागों के अधिकारियों की प्रवेश द्वार पर उपस्थिति भी दर्ज की गई।
विदित हो कि अमर उजाला ने 26 जून को हुई बैठक की कवरेज के साथ-साथ पंचायत भवन के सभागार की अव्यवस्थाओं को भी उजागर किया था। उस समय सभागार के एक वर्ष से खराब एसी को अधिकारी ठीक कराना भूल गए थे। ऐसे में पंखे की हवा में ही बैठक की गई। इस कारण मंत्री, अधिकारियों के अलावा फरियादी भी पसीने से तरबतर रहे थे।
इस मुद्दे को प्रमुखता से उजागर किया गया था। इस दौरान सभागार में क्षमता से ज्यादा लोगों के बैठने से हुई अव्यवस्था को भी इंगित किया गया था। ऐसे में इस बार व्यवस्था में सुधार दिखाई दिया। निर्धारित क्षमता से ज्यादा लोगों को सभागार में नहीं बैठाया गया। अधिकारियों की भी हाजिरी ली गई। प्रवेश द्वार पर गैर सरकारी सदस्यों के पहचानपत्र बनाए गए। इसके अलावा सभागार के सभी एसी भी ठीक कराए गए। ऐसे में इस बार की बैठक में लोगों को गर्मी से परेशानी नहीं हुई।
नौ माह तक खराब एसी पर नहीं था ध्यान
जून 2024 से पहले पहले दिसंबर 2023 में समिति की बैठक हुई थी। उस समय सर्दी होने के कारण एसी की आवश्यकता नहीं थी। जबकि इससे पहले सितंबर 2023 की बैठक के दौरान भी एसी में कुछ खराबी थी। तब अधिकारियों ने इसे ठीक कराने का आश्वासन दिया था लेकिन नौ माह बीतने के बाद अधिकारी इसे ठीक नहीं करा पाए। हॉल में पांच एसी खराब हैं।