कैथल और जींद की आशा वर्कर्स ने शुक्रवार को वेतन लागू करने की मांग को पूरा करने के लिए लोक निर्माण मंत्री रणदीप सुरजेवाला के आवास का घेराव किया।
इससे पहले आशा वर्कर्स शहर में प्रदर्शन करते हुए सुरजेवाला के आवास पर पहुंची और उनके आवास के बाहर कुरुक्षेत्र रोड पर जाम लगा दिया। उन्होंने करीब आधे घंटे तक कुरुक्षेत्र रोड के आधे मार्ग को जाम रखा। इस दौरान आशा वर्कर्स ने मंत्री के नाम ज्ञापन देकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
शुक्रवार सुबह काफी संख्या में आशा वर्कर्स लघु सचिवालय परिसर में एकत्रित र्हुइं। जहां से प्रदर्शन करते हुए वे मंत्री रणदीप सुरजेवाला के आवास के बाहर पहुंचीं। इस दौरान वर्कर्स ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वे 24 घंटे काम करती हैं।
किसी भी समय डिलीवरी के लिए उन्हें बुलाया जाता है। इसके अलावा भी स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है। पहले उन्हें मामूली वेतन दिया जाता था, जिसे अब बंद कर दिया गया है।
चार माह से कोई भुगतान नहीं
आशा वर्कर्स ने बताया कि पिछले चार माह से उन्हें कोई भुगतान नहीं किया गया है। सरकार ने सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई घोषणाएं की, लेकिन आशा वर्कर्स अभी भी इंतजार में हैं।
उन्हाेंने मंत्री रणदीप सुरजेवाला को उनकी गैर मौजूदगी में सौंपे मांग पत्र के माध्यम से शीघ्र ही वेतन शुरू करवाने की मांग की।