माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कतलाहेड़ी गांव के सागर ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली।
मृतक के चाचा ने आरोप लगाया है कि उनके भतीजे को उसकी पत्नी, साला और सास मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
पत्नी निशा उसे नामर्द कहकर ताने देती थी जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने थाना निसिंग में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता जिला सिंह ने बताया कि उनके भतीजे सागर की असंध की रहने वाली निशा के साथ शादी हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही सागर को निशा, उसके भाई सन्नी और सास बोहती लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
शिकायत में बताया गया कि निशा अक्सर अपने पति सागर को नामर्द कहकर ताना मारती थी और उसके माता-पिता से अलग रहने का दबाव डालती थी। विरोध करने पर वह झगड़ा करती और मारपीट की धमकी देती थी। सागर का साला सन्नी और सास बोहती भी उसे अपमानित करते थे।
परिजनों के अनुसार 28 मई को आरोपियों ने सागर के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सागर की मानसिक स्थिति और बिगड़ गई।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसे अमृतधारा अस्पताल और फिर फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती कराया, लेकिन 29 मई को डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया।