करनाल। जिला बार कॉम्प्लेक्स रोड पर वेलकम गेट बनेगा। हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। चार वाटर कूलर भी लगेंगे।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन कार्यों पर सहमति बनी। पार्किंग व्यवस्था में सुधार और बार कॉम्प्लेक्स तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिला बार एसोसिएशन की ओर से लंबे समय से बार कॉम्प्लेक्स में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्य करवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी जा रही थी। उपायुक्त ने बताया कि बार कॉम्प्लेक्स में चार वाटर कूलर कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से लगवाए जाएंगे। कॉम्प्लेक्स में वेलकम गेट और हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था डी-प्लान के तहत की जाएगी। एसोसिएशन के अध्यक्ष कनवदीप सिंह, महासचिव डॉ. चंद्र प्रकाश, उपाध्यक्ष प्रीति राणा, एचएसवीपी के एसई धर्मबीर सिंह और नगर निगम की एक्सईएन प्रियंका उपस्थित रहे। ब्यूरो
पार्किंग व्यवस्था के लिए अधिकारी करेंगे निरीक्षण
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कनवदीप सिंह ने पार्किंग को व्यवस्थित बनाने और सुविधाजनक करने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बार कॉम्प्लेक्स तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। संबंधित अधिकारियों ने सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू करवाने की बात कही।