संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। तरावड़ी के करनाली गेट स्थित मुंशीराम सराफ की दुकान संचालक साजन कालड़ा से पिस्टल के बल पर हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी बदमाशा पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अभी तक वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि दुकान से वारदात के फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ले ली थी।
मंगलवार (30 दिसंबर) रात को 8:15 बजे तरावड़ी के करनाली गेट स्थित मुंशीराम सराफ के मालिक साजन कालड़ा अपनी दुकान के अंदर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। दो युवक उनकी दुकान के अंदर आ गए थे। एक युवक बाइक लेकर नजदीक ही सोनू मोनू गारमेंटस की दुकान के पास बाइक चालू करके खड़ा रहा। सराफ की दुकान के अंदर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनसे नगदी देने की बात कही। आरोपियों ने उनके ऊपर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने डर के कारण दुकान के अंदर गल्ले में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी उन्हें सौंप दी।
इसके बाद तीनों बाइक पर सवार होकर भाग गए। लूट की पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सराफ ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। तरावड़ी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। करनाल से सीआईए की टीमें भी आई थी। पुलिस ने सराफ की दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। सीसीटीवी के आधार पर पहचान के प्रयास जारी हैं। अभी पहचान नहीं हो पाई है। जल्द आरोपियों की पहचान करके गिरफ्तारी कर ली जाएगी।