संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घरौंडा फ्लाईओवर पर एक बड़ा हादसा बच गया। कार के अचानक कट मारने से धान से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के आठों पहिये अलग होकर सड़क पर बिखर गए। हालांकि ट्रक चालक और क्लीनर दोनों बाल-बाल बच गए।
ट्रक नंबर एचआर73ए1721 बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) से धान की बोरियां लादकर करनाल जिले के तरावड़ी जा रहा था। ट्रक में ड्राइवर शौकीन ने बताया कि ट्रक करीब 12:30 बजे घरौंडा फ्लाईओवर पर चढ़ रहा था, तभी एक कार ने ट्रक के ठीक सामने से कट मारते हुए अचानक ब्रेक लगा दी। कार चालक को फ्लाईओवर से नीचे सर्विस लाइन में उतरना था, लेकिन उसने ट्रक को ओवरटेक करते हुए रास्ता काट लिया। तेज रफ्तार में चल रहे ट्रक को ड्राइवर शौकीन संभाल नहीं पाया और ट्रक फुटपाथ पर चढ़ गया। इसके बाद ट्रक फ्लाईओवर और सर्विस लाइन के बीच बने डिवाइडर पर पलट गया।
हादसे के दौरान ट्रक में लदी धान की बोरियां जीटी रोड और सर्विस लाइन पर बिखर गईं। हादसे के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस बीच कार चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सर्विस लाइन पर कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना यह घटना और गंभीर हो सकती थी। ड्राइवर शौकीन ने बताया कि वह बल्लभगढ़ से निकला था और तरावड़ी के लिए जा रहा था। जैसे ही वह घरौंडा फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच जारी है।